-जिला सोनीपत के गांव खटकड़ व खुर्मपुर में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
-विधायक ने विभागों के स्टालों का किया अवलोकन, लाभार्थियों के साथ किया सीधा संवाद
-स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी लेने, आवेदन करने और स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए उमड़े ग्रामीण
चंडीगढ़ , 21 दिसंबर- भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को लेकर विकसित भारत संकल्प यात्रा आज ज़िला सोनीपत के गांव खटकड़ तथा खुर्मपुर में पहुंची। गांवों में पहुंचने पर राई से विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली व ग्रामीणों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने सरकारी योजनाओं को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन करते हुए योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सपने विकसित भारत को साकार करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन देशभर में एक साथ किया जा रहा है। अपने खंड, जिले और हरियाणा में यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। एक ही स्थान पर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह संकल्प यात्रा प्रदेश के हर जिले के वार्ड व गांवों में पहुंच कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कारगर साबित होगी।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों से व्यवस्था परिवर्तन का दौर चला है उसी का परिणाम है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को घर बैठे सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में नागरिकों से 2047 तक भारत को पूर्ण ‘विकसित और आत्मनिर्भर’ राष्ट्र बनाने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली ने आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड की मदद से गरीब व्यक्ति 05 लाख रूपये तक का ईलाज अच्छे अस्पतालों में मुफ्त करवा सकते हैं। इस दौरान विधायक ने स्वामित्व योजना के तहत प्रोपर्टी कार्ड भी वितरित किए।










Leave a Reply