भाजपा की नीतियों, विचारों में बाबा साहेब अंबेडकर की सोच : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार काे गोहाना में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में कहा कि हरियाणा खेती और उद्योग में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। जब औद्योगीकरण बढ़ता है तो इसका सबसे अधिक फायदा गरीब, किसान और दलित को होता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर मानते थे कि दलितों के सशक्तीकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। गरीबों, दलितों, वंचितों के पास पर्याप्त जमीन नहीं होती। बाबा साहेब कहते थे कि जब फैक्ट्रियां लगती हैं तो गरीबों, वंचितों को अवसर मिलता है। भाजपा की नीतियों, निर्णयों और विचारों में बाबा साहेब की यही सोच दिखाई देगी। इसलिए भाजपा खेती को तो बढ़ावा देती ही है, इसके साथ ही व्यापार व कारोबार को भी बढ़ावा देती है। मोदी ने कहा कि पिछले दस साल में पूरी दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ा है। आज एक बात का विश्वास हुआ है कि अब भारत भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त होकर तरक्की कर रहा है। दुनिया को लगता है कि आने वाले समय में कोई देश तेजी से आगे बढ़ेगा तो वह भारत होगा। दुनिया की बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने के लिए आतुर हैं और जब यह निवेश होगा तो इसका सबसे बड़ा फायदा हरियाणा को होगा। आज हरियाणा गुरुग्राम, फरीदाबाद से लेकर सोनीपत, पानीपत तक दुनिया की बड़ी कंपनियों का केंद्र बन रहा है। भाजपा का हरियाणा के नौजवानों को अधिक से अधिक नौकरियां और रोजगार देने का प्रयास है। भाजपा सरकार ने सोनीपत के खरखौदा में मारुति का प्लांट स्थापित किया है। भारत में बनी सुजुकी गाड़ियां अब जापान वाले मंगवाकर खरीदते हैं। यह कमाल हरियाणा की धरती से होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस को जहां-जहां मौका मिला और जहां-जहां कांग्रेस ने पैर रखा, वहां पर भ्रष्टाचार तथा भाई भतीजावाद हुआ। मोदी ने कहा कि भारत में 2036 में ओलंपिक खेल करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे हरियाणा के नौजवानों का फायदा होगा और स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर बनेगा। भाजपा सरकार ने देश की तीसरी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी सोनीपत में बनवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *