चंडीगढ़, 5 जनवरी – केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा शुक्रवार को जिला फतेहाबाद के गांव जांडवाला बागड़ व दैयड़ में पहुंची। कार्यक्रम में विधायक श्री दुड़ाराम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी पात्र व्यक्ति आपके पास आए तो उसे मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान करवाना सुनिश्चित करें। इस दौरान ग्रामीणों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा व विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक श्री दुड़ाराम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है जिससे कि पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ घर बैठे मिल रहा है। सरकार ने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से गरीब लोगों के मुफ्त ईलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त राशि वितरण योजना, पीएम आवासीय योजना, उज्जवला योजना, किसानों के लिए फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना के साथ-साथ हजारों ऐसी योजनाएं है, जिनका सीधा लाभ आज हमारे पात्र लाभार्थियों को शत प्रतिशत मिल रहा है।
विधायक श्री दुड़ाराम ने ग्रामीणों से आह्वान करते हुए कहा कि समाज के विकास में ही राष्ट्र का विकास है। सभी नागरिक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी अह्म भूमिका निभाएं। प्यार, प्रेम व भाईचारे में बड़ी ताकत है। इसलिए हमेशा भाईचारे को बरकरार रखे। गांवों के छोटे-मोटे मतभेद भुलाकर समाज व राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने का संकल्प लें। सभी नागरिक मिलकर गांवों का चहुंमुखी विकास करवाने में अपना अपेक्षित सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का मानना है कि नागरिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ तीव्र गति और पूरी पारदर्शिता व सरल तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। इसी सोच को सच करते हुए सरकार ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरूआत की है, जिसमें हर पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ पूरे सरल तरीके से पारदर्शिता के साथ उनके घर द्वार पर ही मिल रहा है। विधायक ने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार ने विभिन्न योजनाओं को ऑनलाइन किया ताकि बिचौलियों का अंत हो सके।
आज देश में हर योजना का आर्थिक लाभ भी पात्र व्यक्ति के बैंक खातों में शत प्रतिशत भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल भी प्रदेश के सभी वर्गों के कल्याण व पंक्ति के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।
विधायक श्री दुड़ाराम ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने नागरिकों को हमारा संकल्प विकसित भारत की शपथ दिलाते हुए देश व प्रदेश के विकास में अपना अपेक्षित सहयोग देने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, पशुपालकों, किसानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को योजनाओं व सेवाओं का लाभ देने के लिए हेल्प डेस्क भी लगाए गए।










Leave a Reply